9 जनवरी 2021 - 13:26
दाइश के ख़िलाफ़ युद्ध में अमरीकी गठबंधन से कोई मदद नहीं ली, दाइश को धूल चटाने वाले इराक़ी स्वंय सेवी बल का एलान!

इराक़ के स्वंय सेवी बल के सचिव ने बल दिया है कि इराक़ ने आतंकवाद के खिलाफ बरसों तक संघर्ष और इराक़ी नगरों की आज़ादी के दौरान, अमरीकी नेतृत्व में बने अंतरराष्ट्रीय गठबंधन से कोई मदद नहीं ली है बल्कि इस गठबंधन से उसे नुक़सान ही हुआ है।

तहसीन मतर अलअवादी ने कहा कि अमरीकियों और इस्राईलियों ने इराक़ी स्वंय सेवी बल के सभी ठिकानों और छावनियों पर हमले किये हैं। 

इराक़ी स्वंय सेवी बल के इस कमांडर ने स्पष्ट किया है कि इस्राईली सरकार ने अमरीका की नज़रों के सामने इराक़ी युवाओं के खिलाफ भयानक अपराध किये हैं जो आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में अपने देश की रक्षा कर रहे थे। 

अलअवादी ने बल दिया कि बग़दाद एयरपोर्ट पर हमले करने वाले सभी ज़िम्मेदारों और अमरीका के ख़िलाफ़ मुक़द्दमे की कार्यवाही सही रूप से आगे बढ़ायी जानी चाहिए। 

याद रहे इराक़ की अर्रसाफ़ा अदालत ने गुरुवार को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की गिरफ़्तारी का आदेश जारी किया है। 

इराक़ के  स्वंय सेवी बल हश्दुश्शाबी के प्रमुख फ़ालेह फ़ैयाज़ ने भी कहा है कि अमरीकी सैनिकों का निष्कासन ही शहीद कमांडरों की हत्या का बदला हो सकता है। 

अमरीका ने  जनवरी 2020 में एक ड्रोन हमले में ईरान के क़ुद्स ब्रिगेड के कमांडर जनरल सुलैमानी, इराक़ी स्वंय सेवी बल के उप कमांडर अबू मेहदी अलमुहन्दिस और उनके 8 साथियों को  शहीद कर दिया था।